फरीदकोट में कपड़े की दुकान में लगी आग, सबकुछ जलकर राख, फायर बिग्रेड ने पाया आग पर काबू

फरीदकोट में कपड़े की दुकान में लगी आग, सबकुछ जलकर राख, फायर बिग्रेड ने पाया आग पर काबू

सोमवार देर शाम पंजाब के फरीदकोट में एक कपड़े की दुकान में आग लग गई। जिससे दुकान में रखा सारा कपड़ा और फर्नीचर जलकर राख हो गया। यह दुकान ऐतिहासिक गुरुद्वारा टिल्ला बाबा फरीद के पास बनी हुई थी। आग की घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

बताया जा रहा है कि दुकान का मालिक दीपू सिंगला आग की घटना से कुछ देर पहले ही दुकान बंद कर घर गया था। लेकिन उसके जाने के कुछ देर बाद ही लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा। ऐसे में सूचना मिलने के बाद जब दुकान का शटर खोला गया तो आग की लपटें निकल रही थीं और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज ने आग की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया इसके बाद लोगों की मदद से फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक आग पूरी दुकान को राख के ढेर में तब्दील कर चुकी थी। बताया जा रहा है कि शायद शॉर्ट सर्किट के कारण ही आग लगी है।